RBI Stop Switch: रिजर्व बैंक (RBI) एक नया विकल्प लाने की तैयारी कर रहा है। इसका नाम Stop Switch है। इस सुविधा से ग्राहक जरूरत पड़ने पर अपने बैंक खाते से होने वाले सभी नए बाहरी भुगतानों को तुरंत रोक सकेंगे। RBI ने इस सुविधा को सभी बैंकों में अनिवार्य करने का प्रस्ताव रखा है। आम लोग इस प्रस्ताव पर 14 दिसंबर तक अपनी राय दे सकते हैं।
RBI Stop Switch: 2026 में बैंक खातों पर लगेगा STOP बटन, एक क्लिक में रुकेंगे पैसे?
RBI Stop Switch क्या है और कैसे करेगा काम?
Stop Switch बैंक खाते की सुरक्षा के लिए एक खास सुविधा होगी। इसे चालू करते ही ग्राहक की ओर से किए जाने वाले नए डिजिटल भुगतान रुक जाएंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अगर किसी को खाते में धोखाधड़ी का शक हो, तो वह तुरंत भुगतान रोक सकेगा। इससे बिना अनुमति खाते से पैसे निकलने का खतरा कम हो सकता है।
किन भुगतानों पर Stop Switch का असर नहीं पड़ेगा?
RBI ने इस सुविधा के साथ कुछ छूट भी रखी हैं। Stop Switch चालू होने के बाद भी कुछ जरूरी भुगतान पहले की तरह जारी रहेंगे।
इनमें शामिल हैं:
- पहले से चल रहे नियमित भुगतान (Recurring Payments)।
- खाते में पहले से तय स्थायी भुगतान निर्देश (Standing Instructions)।
- बैंक के बकाया शुल्क की वसूली।
- लोन की किस्त यानी EMI।
यानी ग्राहक को हर भुगतान बंद होने की चिंता नहीं करनी होगी। कुछ पहले से तय बैंकिंग लेनदेन इस सुविधा के दायरे से बाहर रहेंगे।
READ MORE: सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ी, जानें वजह
Stop Switch चालू करने पर क्या-क्या होगा बंद?
RBI के प्रस्ताव के मुताबिक, ग्राहक Stop Switch चालू करता है तो वह खाते से नए भुगतान नहीं कर पाएगा। इसके अलावा नए भुगतान निर्देश बनाना, नई स्थायी भुगतान व्यवस्था शुरू करना और नए थर्ड पार्टी ऐप पर UPI रजिस्टर करना भी बंद हो जाएगा। हालांकि, खाते में पैसे आने पर कोई रोक नहीं लगेगी। ग्राहक के खाते में सैलरी, रिफंड या दूसरे भुगतान पहले की तरह आ सकेंगे।
READ MORE: आज के टॉप शेयर: Tata Steel, Maruti समेत इन शेयरों पर रखें नजर
दोबारा भुगतान शुरू करने के लिए करना होगा ये काम
Stop Switch बंद करने के लिए ग्राहक को बैंक के सामने अपनी पहचान प्रमाणित करनी होगी। इसके बाद बैंक डिजिटल भुगतान की सुविधा दोबारा चालू कर सकेगा। RBI ने बैंकों को यह भी कहा है कि भुगतान दोबारा शुरू करने से पहले उचित समय का अंतर (Cooling Period) या दूसरे सुरक्षा उपाय अपनाएं। RBI का यह प्रस्ताव लागू होता है तो डिजिटल बैंकिंग में सुरक्षा की एक नई सुविधा जुड़ सकती है। खासकर ऑनलाइन धोखाधड़ी के खतरे के बीच ग्राहक अपने खाते से होने वाले भुगतानों पर ज्यादा नियंत्रण रख सकेंगे।
