फोन में ये लोन ऐप हैं तो तुरंत हटाएं

फर्जी लोन ऐप के खिलाफ सरकार की कार्रवाई जारी है। गृह मंत्रालय के I4C ने Google को तीन संदिग्ध ऐप हटाने या उनकी पहुंच बंद करने का निर्देश दिया है। इन पर यूजर्स को ठगने के आरोप हैं।

I4C की Threat Analytics Unit ने 19 अगस्त को तीन Malicious Loan Apps की पहचान की। इनमें Horizon Cash Service, Money Score Monitor और Zelicredit शामिल हैं।

आरोप है कि लोन देने के बाद इन ऐप से भारी ब्याज वसूला जाता था। साथ ही, ये यूजर्स के आधार, वित्तीय जानकारी, कॉन्टैक्ट्स, फोटो गैलरी और कैमरा तक पहुंच मांगते थे।

I4C ने Google को नोटिस मिलने के तीन घंटे के भीतर इन ऐप से जुड़े URLs हटाने या पहुंच बंद करने का निर्देश दिया। कार्रवाई Information Technology Act की Section 79(3)(b) और IT Rules के तहत हुई।

7 अगस्त को I4C ने 6 अन्य संदिग्ध लोन ऐप हटाने का निर्देश दिया था। इनमें LoanOrbit, Hisab, Nexus Loan, One Fund, Credit Factor और Mobile Credit Prairie शामिल हैं। इन पर भी डेटा चोरी के आरोप थे।

सरकार अब सिर्फ लोन ऐप नहीं, संदिग्ध ऑनलाइन सेवाओं पर भी नजर रख रही है। अगस्त में 57 Firebase-hosted वेबसाइट्स और डेटाबेस कार्रवाई के दायरे में आए। यूजर्स को ऐप परमिशन जांचकर ही लोन लेना चाहिए।