CJP प्रदर्शन में इंटरनेट बंद, फिर भी मैसेजिंग कैसे?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के प्रदर्शन को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस को शक है कि प्रदर्शनकारी इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क बंद होने के बीच Bluetooth आधारित मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
ऑफलाइन मैसेजिंग ऐप्स इंटरनेट, मोबाइल टावर या WIFI पर निर्भर नहीं रहतीं। ये ऐप्स Bluetooth लो एनर्जी (BLE) तकनीक का इस्तेमाल कर आसपास के स्मार्टफोन से जुड़ती हैं। इसी वजह से मोबाइल नेटवर्क न होने पर भी सीमित दूरी में मैसेज भेजना संभव होता है।
Bitchat ऐसी ही एक ऑफलाइन मैसेजिंग ऐप है। इसे पिछले साल ट्विटर के फाउंडर जैक डॉर्सी ने लॉन्च किया था। इसमें यूजर बिना अकाउंट बनाए भी Bluetooth के जरिए चैट कर सकता है।
इन ऐप्स में भेजा गया मैसेज सीधे मोबाइल टावर या किसी केंद्रीय सर्वर पर नहीं जाता। इसके बजाय Bluetooth के जरिए पास के फोन तक पहुंचता है। इसके बाद दूसरा फोन उसे आसपास मौजूद अन्य डिवाइस तक आगे भेज सकता है।
जब एक जगह बड़ी संख्या में लोग मौजूद होते हैं, तो कई स्मार्टफोन आपस में जुड़कर मेश नेटवर्क बना सकते हैं। इसमें हर फोन एक तरह के रिले की तरह काम करता है।
दिल्ली पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रदर्शन में ऐसी ऐप्स का इस्तेमाल हुआ या नहीं। पुलिस कथित तौर पर ऐप सर्विस प्रोवाइडर से यूजर्स की जानकारी मांगने पर भी विचार कर रही है। अभी किसी खास ऐप के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई है।