आजकल साइबर ठग नामी कंपनियों, बैंकों और सरकारी पोर्टल्स जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बना रहे हैं। इन पर भरोसा करके पासवर्ड, OTP या बैंक डिटेल्स डालना आपको भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
किसी भी वेबसाइट को खोलने से पहले उसके URL में HTTPS जरूर चेक करें। इसके साथ लॉक आइकन भी देखें। यह कनेक्शन एन्क्रिप्टेड होने का संकेत देता है, लेकिन वेबसाइट के असली होने की गारंटी नहीं है।
अगर किसी वेबसाइट के लिंक में HTTPS की जगह सिर्फ HTTP लिखा है या ब्राउजर Not Secure दिखा रहा है, तो सावधान हो जाएं। ऐसी वेबसाइट पर कभी अपनी जानकारी शेयर न करें।
साइबर ठग असली वेबसाइट से मिलते-जुलते नाम बनाकर लोगों को फंसाते हैं। जैसे amazon.in की जगह arnazon.in या amaz0n.in इस्तेमाल करना। इसलिए वेबसाइट खोलने से पहले उसके हर अक्षर को ध्यान से जांचें।
सरकारी वेबसाइट्स के लिए .gov.in और .nic.in जैसे डोमेन इस्तेमाल होते हैं। बैंकों के लिए .bank.in या आधिकारिक डोमेन देखें। .com, .xyz और .online देखकर ही साइट को फर्जी न मानें, बल्कि आधिकारिकता जरूर जांचें।
WhatsApp, SMS या ईमेल पर आए अनजान और शॉर्ट लिंक से बचें। बैंक या सरकारी सेवा के लिए आधिकारिक वेबसाइट का पता खुद टाइप करें। गूगल के स्पॉन्सर्ड ऐड पर भी आंख बंद करके भरोसा न करें।