SIP में रोज निवेश करें या महीने में?

SIP करने वालों के मन में अक्सर सवाल रहता है कि रोज, हर हफ्ते या हर महीने निवेश करना बेहतर है या नहीं? रिसर्च के मुताबिक, तीनों तरीकों से लंबे समय में रिटर्न करीब-करीब एक जैसा रहा।

WhiteOak कैपिटल म्यूचुअल फंड ने 1996 से जून 2026 तक सेंसेक्स टोटल रिटर्न इंडेक्स के आधार पर यह तुलना की। नतीजे में डेली और वीकली SIP से करीब 12.33 करोड़ का फंड बना।

मंथली SIP से करीब 12.45 करोड़ का फंड बना। यानी मंथली SIP का फंड डेली और वीकली SIP से थोड़ा ज्यादा रहा। हालांकि, यह अंतर इतना बड़ा नहीं था कि किसी एक तरीके को साफ तौर पर बेहतर कहा जा सके।

रिसर्च की सबसे खास बात यह रही कि तीनों तरीकों में XIRR करीब 13.47% रहा। यानी रोज, हर हफ्ते या हर महीने पैसा लगाने से लंबे समय में रिटर्न में कोई बड़ा फर्क नहीं दिखा।

डेली SIP में बाजार के अलग-अलग स्तरों पर यूनिट खरीदने का मौका मिलता है, लेकिन 30 साल जैसे लंबे समय में बाजार की कुल बढ़त और कंपाउंडिंग का असर ज्यादा बड़ा होता है।

नौकरीपेशा लोगों के लिए मंथली SIP आसान हो सकती है। इसे सैलरी आने के आसपास शुरू किया जा सकता है। वहीं, फ्रीलांसर या कारोबारियों की आय नियमित नहीं है तो वीकली या डेली SIP सुविधाजनक हो सकती है।