क्रेडिट कार्ड से हो सकता है फ्रॉड, बदलें ये 5 सेटिंग्स
क्या आपका क्रेडिट कार्ड हर समय ऑनलाइन और इंटरनेशनल पेमेंट के लिए खुला रहता है? बैंक के मोबाइल ऐप से गैरजरूरी पेमेंट सुविधाएं बंद करके धोखाधड़ी का खतरा कम कर सकते हैं।
RBI ने 2020 में बैंकों को क्रेडिट कार्ड के ट्रांजैक्शन कंट्रोल देने के निर्देश दिए थे। इसके तहत ग्राहक घरेलू और विदेशी पेमेंट, ATM, ऑनलाइन और कॉन्टैक्टलेस ट्रांजैक्शन चालू या बंद कर सकते हैं।
क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग, फूड डिलीवरी, ट्रैवल बुकिंग और सब्सक्रिप्शन का भुगतान ऑनलाइन होता है। अगर आप इसका नियमित इस्तेमाल नहीं करते, तो इस सुविधा को बंद रखें। जरूरत पड़ने पर कम डेली लिमिट भी सेट कर सकते हैं।
अगर आप विदेश यात्रा नहीं करते और विदेशी वेबसाइट से खरीदारी भी नहीं करते, तो इंटरनेशनल पेमेंट बंद रखना बेहतर है। जरूरत पड़ने पर इसे दोबारा चालू कर सकते हैं। RBI घरेलू और विदेशी पेमेंट के लिए अलग कंट्रोल की सुविधा देता है।
कॉन्टैक्टलेस कार्ड से मशीन पर टैप करके पेमेंट किया जा सकता है। इसमें PIN की जरूरत नहीं पड़ती। भारत में बिना अतिरिक्त प्रमाणीकरण के 5,000 रुपये तक भुगतान हो सकता है।
क्रेडिट कार्ड से ATM में कैश निकालना काफी महंगा पड़ता है। इसलिए बैंक की सुविधा के मुताबिक ATM ट्रांजैक्शन बंद रखें या लिमिट घटाएं। ओवर-लिमिट पेमेंट भी बंद रखें, ताकि तय क्रेडिट लिमिट से ज्यादा खर्च न हो।