5 स्टार और इन्वर्टर में अंतर जानें

5 स्टार रेटिंग और इन्वर्टर टेक्नोलॉजी दोनों बिजली बचाते हैं, लेकिन दोनों का काम अलग है। स्टार रेटिंग मशीन की बिजली बचाने की क्षमता बताती है, जबकि इन्वर्टर तकनीक मोटर की स्पीड कंट्रोल करती है।

इन्वर्टर AC और फ्रिज का कंप्रेसर जरूरत के हिसाब से अपनी स्पीड कम या ज्यादा करता है। इससे मशीन बार-बार बंद और चालू नहीं होती। नतीजा, बेहतर कूलिंग के साथ बिजली की खपत भी कम होती है।

भारत में BEE यानी ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी अप्लायंस को 1 से 5 स्टार तक रेटिंग देता है। ज्यादा स्टार का मतलब बेहतर बिजली बचत है। इसलिए 5-स्टार मॉडल आमतौर पर कम बिजली खर्च करता है।

अगर दोनों AC इन्वर्टर टेक्नोलॉजी वाले हैं, तो 5-स्टार मॉडल आमतौर पर ज्यादा बिजली बचाएगा। इसमें बेहतर ऊर्जा दक्षता होती है। रोजाना 8 से 10 घंटे इस्तेमाल करने पर इसकी बचत ज्यादा फायदेमंद हो सकती है।

फ्रिज 24 घंटे चालू रहता है, इसलिए इसमें बिजली की बचत काफी मायने रखती है। ऐसे में बजट अनुमति दे तो 5-स्टार इन्वर्टर फ्रिज खरीदना बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे लंबे समय में बिजली बिल कम हो सकता है।

अगर AC रोजाना सिर्फ 4 से 5 घंटे और साल में 3-4 महीने चलता है, तो 3-स्टार इन्वर्टर मॉडल सही हो सकता है। लेकिन रोजाना 8-10 घंटे इस्तेमाल होता है, तो 5-स्टार मॉडल चुनें।