अगर आपने चार्जर पर GaN लिखा देखा है, तो यह नई चार्जिंग तकनीक है। GaN (गैलियम नाइट्राइड) पुराने सिलिकॉन चार्जर की तुलना में ज्यादा तेज, ज्यादा पावरफुल और छोटे आकार का चार्जर बनाता है।
GaN एक एडवांस सेमीकंडक्टर मटेरियल है। यह ज्यादा वोल्टेज और तापमान को आसानी से संभालता है। इससे बिजली कम नुकसान के साथ डिवाइस तक पहुंचती है और चार्जिंग तेज हो जाती है।
सामान्य सिलिकॉन चार्जर की एफिशिएंसी करीब 85% से 90% होती है। वहीं, GaN चार्जर लगभग 95% तक एफिशिएंसी दे सकता है। इससे बिजली की बर्बादी कम होती है और चार्जर कम गर्म होता है।
GaN चार्जर का सबसे बड़ा फायदा इसका छोटा आकार और ज्यादा पावर है। 160W GaN चार्जर से स्मार्टफोन, टैबलेट और लैपटॉप जैसे कई डिवाइस एक साथ चार्ज किए जा सकते हैं।
इसके सर्किट और सुरक्षा फीचर भी बेहतर होते हैं इसलिए जहां सामान्य 15W चार्जर 500–1,000 में मिल जाता है, वहीं, GaN चार्जर की कीमत करीब 2,500 या उससे ज्यादा हो सकती है।
अगर आपका फोन सिर्फ 5W से 15W चार्जिंग सपोर्ट करता है, तो सामान्य चार्जर ही काफी है, लेकिन अगर आप फास्ट चार्जिंग वाले फोन, टैबलेट और लैपटॉप इस्तेमाल करते हैं, तो GaN चार्जर बेहतर है।