UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 में पहली बार AI की मदद से आवेदन जांचे। जांच के दौरान 569 आवेदन नियमों के अनुसार रद्द कर दिए गए।
2024 के चर्चित पूजा खेडकर मामले के बाद आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को और सख्त बनाया। अब गड़बड़ी पहले ही चरण में पकड़ी जा रही है।
पहले दस्तावेजों की जांच इंटरव्यू के समय होती थी। इस बार आवेदन जमा होने के बाद ही AI के जरिए जांच शुरू कर दी गई।
AI ने उम्मीदवारों के नाम, जन्मतिथि, माता-पिता के नाम और फोटो का मिलान किया। साथ ही पिछले 15 साल का रिकॉर्ड देखकर उम्र और प्रयासों की सीमा भी जांची गई।
AI को 43,497 ऐसे आवेदन मिले, जिनमें उम्मीदवारों ने अपनी श्रेणी बदली थी। जांच के बाद 133 आवेदन प्रयासों की सीमा पार होने पर रद्द कर दिए गए।
इस साल UPSC परीक्षा के लिए 8.18 लाख आवेदन आए, जबकि करीब 5.49 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। आयोग का कहना है कि AI से चयन प्रक्रिया और पारदर्शी बनेगी।