सावधान! ये 28 ऐप्स फोन डेटा के नाम कर रहे ठगी

इंटरनेट पर कई ऐप्स दावा करते हैं कि वे किसी की कॉल हिस्ट्री, SMS और WhatsApp कॉल डिटेल्स दिखा सकते हैं, लेकिन नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि लाखों Android यूजर्स ऐसे फर्जी ऐप्स के झांसे में फंस गए।

सिक्योरिटी कंपनी के मुताबिक, Google Play Store पर मौजूद 28 खतरनाक ऐप्स को 73 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया। ये ऐप्स लोगों को निजी जानकारी दिखाने का झूठा वादा करते थे।

रिसर्चर्स ने इस पूरे नेटवर्क को CallPhantom नाम दिया है। ऐप्स दावा करते थे कि किसी भी नंबर की कॉल हिस्ट्री और WhatsApp रिकॉर्ड निकाला जा सकता है, लेकिन असल में ये नकली डेटा दिखाते थे।

यूजर जब किसी नंबर की जानकारी देखने की कोशिश करता था, तो ऐप पहले नकली कॉल रिकॉर्ड दिखाता था। पूरी डिटेल देखने के लिए लोगों से सब्सक्रिप्शन फीस मांगी जाती थी।

रिपोर्ट के अनुसार, इन ऐप्स का मुख्य टारगेट भारत और एशिया के यूजर्स थे। कई ऐप्स में पहले से +91 कंट्री कोड और UPI पेमेंट का विकल्प दिया गया था।

Google ने इन 28 ऐप्स को Play Store से हटा दिया है, लेकिन खतरा अभी खत्म नहीं हुआ। किसी भी ऐप पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांचें और निजी जानकारी दिखाने वाले ऐप्स से बचें।