चाइनीज स्मार्टफोन को बड़ा झटका, भारत में बिक्री घटी

भारत में पहली बार Xiaomi, Oppo, OnePlus और Realme जैसी बड़ी चीनी स्मार्टफोन कंपनियों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। FY25 में इन कंपनियों के प्रदर्शन से भारत में काम कर रही नौ बड़ी चीनी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के कुल रेवेन्यू में 4.5% की कमी आई।

20,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन का वैल्यू शेयर 38% से घटकर 29% रह गया। इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर चीनी ब्रांड्स पर पड़ा, क्योंकि उनका फोकस बड़े पैमाने पर इसी सेगमेंट में था।

भारत में चीनी स्मार्टफोन ब्रांड्स का रिटेल वैल्यू शेयर 2023 के 54% से घटकर 2025 में 48% हो गया। हालांकि यूनिट सेल्स के हिसाब से उनका मार्केट शेयर 73% से 75% के बीच बना रहा।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत में अब प्रीमियम स्मार्टफोन की मांग बढ़ रही है। मेमोरी चिप्स की कीमत बढ़ने से स्मार्टफोन महंगे हो रहे हैं। इससे आम और मिड-सेगमेंट में सुस्ती आ सकती है, जबकि प्रीमियम ब्रांड्स को फायदा मिल रहा है।

iPhone बनाने वाली Apple की भारत में बिक्री FY25 में 18% बढ़कर 79,378 करोड़ रुपये हो गई। वहीं Samsung की सेल्स 12% बढ़कर 1.11 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। ग्राहकों के प्रीमियम प्रोडक्ट्स की ओर झुकाव ने इन ब्रांड्स को बढ़त दी।

जहां ज्यादातर चीनी कंपनियों की ग्रोथ धीमी रही, वहीं Vivo ने 11% की रेवेन्यू बढ़ोतरी दर्ज की। एक्सपर्ट्स का मानना है कि मजबूत ऑफलाइन रिटेल और महंगे मॉडल्स के कारण Vivo बाजार के बदलाव के साथ कदम मिला पा रहा है।